सोनभद्र।ग्राम सभा के जमीनों के बचाव के लिए राजस्व संहिता के अनुरूप सरकारी पैनल के वकीलों की व्यवस्था एक महीने के अन्दर कर ली जाय। जमीन सम्बन्धी विवादों के मामलों में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व पुलिस अधिकारियों के साथ प्रकरण की गंभीरता के मुताबिक स्वयं मौके पर पहुंचें। प्रकरण का निस्तारण कराते हुए मौके की फोटोग्राफी भी निस्तारण आख्या रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत करें। भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कदम उठायें और पात्र गरीब व्यक्ति को परेशान न किया जाय। उक्त निर्देश जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम ने बुधवार को राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में जिले के उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को दियेंं। उन्होंने कहा कि जमीन सम्बन्धी मामलों को सीधा संज्ञान लें और जहां भी कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति की आशंका हो, वहां तत्काल मौके पर उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारियों के साथ पहुंच कर प्रकरण का निस्तारण करें और निस्तारण स्थल की फोटें निस्तारण आख्या के साथ प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि सामान्य मामलों में लेखपाल, कानून-गो, थानेदार/दारोगा के साथ मौके पर जायें और प्रकरण का निस्तारण करने के साथ ही प्रकरण की स्थिति से उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी को अवगत कराते रहें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के लेखपाल व कानून-गो सभी प्रकार के प्रकरणों के लिए जिम्मेदार बनाये गये हैं, जो प्रकरण कानून-गो व लेखपाल के स्तर पर पुलिस बल के साथ निस्तारित हो सकते हैं, उनका निस्तारण किया जाय अन्य प्रकरणों को तत्काल उसी दिन तहसीलदार व उप जिलाधिकारी को बताया जाय। लेखपाल व कानून-गो के स्तर से निस्तारित किये गये प्रकरणों का क्रास चेकिंग उप जिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा किया जायेगा। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक स्तर से भी जमीनी प्रकरण के निस्तारण की समीक्षा भी की जायेगी। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के कानून व्यवस्था के लिए पूरी तरीके से जिम्मेदार हैं। आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में निगाह रखें और समय रहते कानून-व्यवस्था से संभावित मामलों को निस्तारित करते हुए कानून व्यवस्था बनाये रखें। बैठक में जिलाधिकारी एस0 राजलिंगम के अलावा अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी सदर यमुनाधर चौहान, दुद्धी सुशील कुमार यादव, डॉ0 कृपा शंकर पाण्डेय, तहसीलदारगण,एआरटीओ अरविन्द मिश्रा, एस0पी0 राय, डिप्टी कमिष्नर वाणिज्य कर मनोज सिंह सहित अन्य सम्बन्धितगण मौजूद रहें।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal