
जन्मदिन पर याद किए गए हॉकी के जादूगर ध्यानचंद
कोरबा -रायपुर छत्तीसगढ़ से
राजेन्द्र जायसवाल
कोरबा रायपुर।हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्मदिवस गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के द्वारा डॉ. अंबेडकर स्टेडियम बालको में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने भाग लिया और विजेता तथा उप विजेता को पुरस्कृत किया गया।
आयोजन के मुख्य अतिथि बालको के सुरक्षा अधिकारी अवतार सिंह ने मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर स्पर्धा का शुभारंभ कराया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मेजर ध्यानचंद ने हॉकी खेल को विश्व भर में अलग पहचान देते हुए भारत को गौरवान्वित किया। यह खेल खेलते वक्त उनमें चपलता देखते ही बनती थी और पलक झपकते विरोधी टीम के पाले से गेंद को लेकर गोल पोस्ट में डाल दिया करते थे। अवतार सिंह ने आयोजन की सराहना कर कहा कि हॉकी खेल का रोमांच आज भी बरकरार है। जिला हॉकी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल ने आयोजन तथा खेल दिवस के विषय में अपनी बात रखी। रोमांचक सद्भावना हॉकी मैच में बालक वर्ग से कैरियर पब्लिक स्कूल, कोरबा की टीम प्रथम तथा बालको उप विजेता रही। बालिका वर्ग में बालको विजेता व शासकीय पीजी कॉलेज की टीम उप विजेता तथा बालक 17 वर्ष आयु वर्ग में बालको विजेता एवं कुरूद की टीम उप विजेता रही। इस अवसर पर विशेष रूप से यूथ इंटक प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश यादव, तारिक कुरैशी, कोमल प्रसाद, सुजीत मंडल, मो. अतीक कुरैशी, विनोद बरेठ, मिरेन्द्र धीवर, चंद्रचूड़ सूर्यवंशी, सत्येन्द्र चंदन, रौशन पटेल, देवनारायण, चंदन मिश्रा, सागर, गणेश सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व नगरजन उपस्थित थे।

SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal