
12 अगस्त, 2019 (सोमवार)
मुंबई। देश की वरिष्ठ नेता, भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड की सदस्य एवं पूर्व विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज जी को आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह कार्यवाह भैयाजी जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री वी सतीश, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा एवं कई बड़े नेताओं व मंत्रियों सहित सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आज श्रद्धा सुमन अर्पित किए। मुंबई भाजपा द्वारा दादर स्थित वसंत स्मृति भवन में आयोजित सुषमा स्वराज की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने उन्हें भावुक मन से श्रद्धांजलि दी तो भैयाजी जोशी ने तहे दिल से याद करते हुए उनकी राजनीतिक जीवन यात्रा का वर्णन किया। श्रद्धांजलि सभा में मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने श्रीमती स्वराज की राष्ट्रपति की गई सेवा हो याद करते हुए शोक प्रस्ताव रखा।

भाजपा के दिग्गज नेता श्रीमती सुषमा स्वराज के निधन पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भारतीय जनता पार्टी मुंबई के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया एवं अपनी नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। भैयाजी जोशी ने इस अवसर पर कहा कि सुषमाजी का निधन न केवल भारतीय जनता पार्टी, बल्कि समस्त राष्ट्रीय राजनीति व सेवाभावी मानसवाले समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि श्रीमती स्वराज के निधन से एक प्रखर वक्ता, एक आदर्श कार्यकर्ता, लोकप्रिय जन-प्रतिनिधि व एक कर्मठ मंत्री जैसे विभिन्न रूपों में भारतीय राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़नेवाले एक नेतृत्व का समापन हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि एक श्रेष्ठतम वक्ता और क्षमतावान नेतृत्व के गुणों से संपन्न सुषमाजी भारतीय राजनीति को श्रेष्ठतम स्तर तक ले जानेवाली नेता के रूप में याद की जाएंगी। संसार सागर से उनके विदा हो जाने से समस्त राजनीतिक क्षेत्र में एक खालीपन सा आ गया है, जो लंबे समय तक भरा नहीं जाएगा। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने श्रीमती स्वराज के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में सेवा, शुचिता एवं सामर्थ्यवान राजनीतिक गरिमा की स्थापना के लिए किए गए उनके कार्यों की वजह से भारतीय जनता पार्टी सहित समस्त राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा।

भाजपा की वरिष्ठ नेता श्रीमती सुषमा स्वराज की श्रद्धांजलि सभा में महाराष्ट्र भाजपा के महामंत्री विधायक अतुल भातखलकर ने अपने वक्तव्य में कहा कि उनका आदर्श जीवन लाखों कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता रहेगा। श्रद्धांजलि सभा में सांसद गोपाल शेट्टी, नगर विकास राज्य मंत्री योगेश सागर, महिला एवं बाल विकास मंत्री विद्या ठाकुर सहित सुनिल कर्जतकर व भाई गिरकर
आदि भी मंच पर उपस्थित थे। श्रद्धांजलि सभा में मुंबई के विधायक, नगरसेवक और पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।ब
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal