आज देश को लोहिया और अम्बेडकर के विचारों पर चलने की आवश्यकता है-अखिलेश

प्रयागराज ।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने महागठबंधन के प्रत्याशियों फूलपुर से पंधारी यादव और इलाहाबाद से राजेन्द्र सिंह पटेल और सुल्तानपुर से चन्द्रभद्र सिंह ‘सोनू‘ के समर्थन में आयोजित चुनाव जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनता में जोश और उत्साह कम नहीं हो रहा है। उपचुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी महागठबंधन का सम्मान बढ़ाने का काम किया था उसी जीत के परिणाम से बड़े-बड़े लोग महागठबंधन से घबरा गये है। उपचुनाव की जीत ने गठबंधन की नींव को मजबूत किया था।
श्री यादव ने कहा कि महागठबंधन का रिश्ता दिलों का है यह नहीं टूटेगा। इस गठबंधन के कारण ही प्रधानमंत्री जी मुद्दे और भाषण बदल रहे है। प्रधानमंत्री जी को जनता प्रचारमंत्री बोल रही है। प्रधानमंत्री जी 180 डिग्री वाले प्रधानमंत्री है जो बोलते हैं उसका उल्टा करते है। उन्होंने अच्छे दिन लाने का वादा किया था जबकि बुरे दिन आ गये। नौजवानों को करोड़ो रोजगार मिलने की बात कही गयी थी जबकि नोटबंदी से छिन गए करोड़ो रोजगार। भाजपा सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो गयी। डिजिटल इण्डिया, मेक इन इण्डिया, स्किल इण्डिया, मुद्रा, जनधन योजना, स्टैण्ड अप इण्डिया जैसी योजनाओं को भाजपा भूल गयी है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा किसानों से किया गया वादा भूल गयी। खाद की बोरी से पांच किलों खाद कम हो गयी। सिलेंडर से गैस कम कर दी गई। भाजपा ने जनता से जो वादा किया उसके खिलाफ काम किया। 2014 में जो चायवाले थे अब चैकीदार हो गये। फूलपुर की जनता ने चाय का नशा उतार दिया अब उनकी चैकी छीननी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी ने ठोको नीति चलाई जिसके कारण पुलिस का अपमान हुआ।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को हक और सम्मान नहीं दिया। भाजपा के कारण देश सही दिशा में नहीं जा पाया। फूलपुर लोकसभा से डाॅ0 लोहिया चुनाव लड़े थे। आज देश को लोहिया और अम्बेडकर के विचारों पर चलने की आवश्यकता है। यह महागठबंधन डाॅ0 लोहिया और डाॅ0 अम्बेडकर के विचारों को मानने वालों का गठबंधन है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने झूठ फैलाया और जनता को गुमराह किया। समाजवादी सरकार में बड़ी सड़के, बडे़ अस्पताल, यूनिवर्सिटी, मेडिकल कालेज बनवाये गये जिससे प्रदेश में चारो ओर विकास हुआ। इसके उलट भाजपा सरकार में आम जनता तो दुःखी है ही, जानवर भी दुःखी है। छुट्टा जानवर लोगों की जान ले रहे हैं। इन मौतों का जिम्मेदार कौन है? किस पर एफआईआर दर्ज करवायें? भाजपा ने अग्रेंजों से बांटो और राज करो सीखा है। पिछले विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री जी ने दीवाली और रमजान, शमशान और कब्रिस्तान का नाम लेकर जनता को गुमराह किया।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सच को मार दिया है। एक सिर के बदले दस सिर लाने के वादे का क्या हुआ? कुम्भ में प्रधानमंत्री जी आयें लेकिन कोई दान नहीं दिया। महागठबंधन की सरकार बनने पर किला पर्यटन विभाग को दिया जाएगा और इसे जनता के लिए खोल दिया जायेगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। भाजपा ने अच्छे दिन, नौकरी, जैसे अनेक झूठे नारे दिये। भाजपा जितना झूठ बोलने वाली जैसी दूसरी कोई पार्टी नहीं है?
श्री यादव ने कहा कि सबको गिन लिया जाये और आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिल जाये। ताकत में बैठे लोग समाज में नफरत की दीवार खड़ी कर रहे है। महागठबंधन इस खाई को पाटने का काम करेगा। महागठबंधन किसानों के हित में फैसले लेकर देष को खुशहाली के रास्ते पर ले जायेगा। नौजवानों को मौका दिया जायेगा जिससे उनके सपनें पूरे हो सके। आंगनबाड़ी, शिक्षामित्र, बीपीएड, असली चैकीदार, पुरानी पेंशन बहाली की मांग आदि सभी का सम्मान महागठबंधन बढ़ायेगा। उन्होंने आह्वान किया कि परिवर्तन और खुशहाली के लिए, देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए महागठबंधन के प्रत्याशियों को विजयी बनाइये जिससे नये भारत का निर्माण हो सकेगा।

Translate »