जम्मू-कश्मीर/हिमाचल प्रदेश. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से बीते दो दिनों में भारतीय वायुसेना ने 573 लोगों को एयरलिफ्ट किया है। इनमें 2 गंभीर मरीज भी शामिल थे, उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हिमाचल प्रदेश में फंसे 50 यात्रियों को लाहौल स्पीति जिले के उदयपुर और स्तिनगिरी क्षेत्र से भुंतर भेजा गया। ये लोग बर्फबारी और खराब मौसम के चलते रास्ते में फंसे हुए थे।
-
जो लोग कुल्लू में फंसे थे उन्हें लाहौल और स्पीति के अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया गया। भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर में फंसे 523 यात्रियों को आईएल-76 विमान के जरिए एयरलिफ्ट किया। इनमें 305 यात्री श्रीनगर से लेह तक के रास्ते में फंस गए थे।
-
कारगिल से श्रीनगर तक 22 यात्रियों को एयरलिफ्ट किया गया। जबकि, 5 यात्रियों को कारगिल से जम्मू और 191 यात्रियों को जम्मू से कारगिल तक में एयरलिफ्ट किया गया।
-
बीते बुधवार को लद्दाख में फंसे 514 यात्रियों को श्रीनगर और जम्मू लाया गया था। उसके एक दिन पहले ही 95 यात्रियों को एएन-32 कारगिल कूरियर एयरक्राफ्ट के जरिए बचाया गया था।
-
सर्दियों के मौसम में भारी हिमपात के दौरान श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो जाता है, जिसकी वजह से देश के कई हिस्से कट जाते हैं। इसी वजह से एएन-32 कारगिल कूरियर सेवा को कुछ साल पहले लद्दाख के लोगों के लिए शुरू किया गया था।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
