बांदीपोरा. उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में एक गर्भवती महिला ने भारी बर्फबारी के बीच जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है। इसके लिए महिला ने भारतीय सेना का आभार जताया है, जिसने सही समय पर उसे रेस्क्यू किया। सड़कों पर बिछी भारी बर्फ के बीच एंबुलेंस नहीं आ सकती थी। ऐसे में भारतीय सेना ने महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
-
सेना अधिकारी के मुताबिक, ‘शुक्रवार को बांदीपोरा के पनर आर्मी कैंप के कंपनी कमांडर को नजदीक के एक गांव से फोन आया था। फोन पर एक व्यक्ति ने कहा कि उनकी पत्नी गुलशाना बेगम गर्भवती हैं और उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद चाहिए।’
-
उन्होंने कहा, ‘मौसम काफी खराब था। भारी बर्फबारी भी हो रही थी। साथ ही तापमान भी माइनस 7 डिग्री तक पहुंच गया था। सड़क पर बर्फ की मोटी परत बिछी होने के कारण आवागमन पूरी तरह से बंद था। ऐसे में उस गर्भवती महिला को मदद की सख्त आवश्यकता थी।’
-
अधिकारियों ने बताया, बांदीपोरा राष्ट्रीय राइफल्स के जवान हिम्मत दिखाते हुए भारी बर्फबारी के बीच गर्भवती महिला के घर तक पहुंचे। यहां से सेना के जवान उस महिला को स्ट्रेचर पर करीब ढाई किमी गहरी बर्फ के बीच पैदल लेकर चले। यहां से पीड़िता को आर्मी एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
-
जिला अस्पताल में जांच के बाद बताया गया कि महिला जुड़वां बच्चों के साथ गर्भवती है और उसे सिजेरियन की आवश्यकता थी। इसके लिए उसे श्रीनगर अस्पताल के लिए रेफर किया गया। यहां पीड़िता ने सुरक्षित जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal
