काशी की मुस्लिम महिलाओं ने सौहार्द का दीपक बनाया है

पुरुषोत्तम चतुर्वेदी की रिपोर्ट

वाराणसी। काशी की मुस्लिम महिलाओं ने सौहार्द का दीपक बनाया है। मुस्लिम महिला फाउंडेशन और विशाल भारत संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में मुस्लिम महिलाओं ने इंद्रेश आश्रम लमही में दिवाली के लिए मिट्टी और गाय के गोबर से विशेष राम दीपक तैयार किया है। मुस्लिम महिलाएं इस विशेष राम दीपक को शहर के प्रतिष्ठित लोगों को अपने हाथों से वितरित करेंगी। साथ ही वह अपील भी करेंगी कि इस दीपक को इस बार की दिवाली में जलाया जाए। मुस्लिम महिलाओं की माने तो राम दीपक दुनिया को शांति सद्भावना और सौहार्द का संदेश देकर भारतीय संस्कृति से रूबरू कराएगा।

मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी ने बताया कि नफरत का अंधेरा चाहे जितना भी गहरा हो दीपक का मामूली प्रकाश भी अंधेरे को खत्म करने की ताकत रखता है। जिस तरह से विश्व में अशांति फैली हुई है, निश्चित तौर पर यह एक संदेश जाएगा कि अधर्म, नफरत, हिंसा को खत्म करने के लिए राम नाम का सहारा लेना चाहिए। यह राम दीपक विश्व में सांस्कृतिक प्रकाश का प्रतीक होगा। जहां भी आज दीपक जलेगा वहां से नफरत और हिंसा खत्म हो जाएगी।

इस अवसर पर इंद्रेश आश्रम श्री राम पीठ के पीठाधीश्वर डॉ राजीव ने बताया कि राम के प्रति आस्था परिवार समाज और देश को एक साथ जोड़ने की कड़ी है। भगवान राम विश्व के समस्त देशों के निवासियों के पूर्वज है। इसलिए सभी देशों को भारत की संस्कृति को अपनाना चाहिए।

Translate »