
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार पर निशाना साधा
उप्र की भाजपा सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही
लखनऊ।कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कई पत्रकारों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई लोकतंत्र के लिये ठीक नही है।कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पत्रकारों पर हमले का मतलब है कि भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, ‘ पत्रकार केवल आंख पर पट्टी बांधकर वाहवाही के लिए नहीं होते। उनका काम होता है जनता के मुद्दों पर खबरें बनाना और सरकार से जवाब लेना। लेकिन उप्र की भाजपा सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है।” उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है?
प्रियंका ने कहा कि चुनाव के पहले बोला गया कि ओला-उबर ने रोजगार बढ़ाए हैं। अब बोला जा रहा है कि ओला उबर की वजह से आटो सेक्टर में मंदी आ गई है। भाजपा सरकार अर्थव्यव्स्था के मामले में इतनी कन्फयूजड क्यों है?
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आर्थिक मंदी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में आए संकट के बाद मोदी सरकार पर तंज कसते हुए पूछा था कि सरकार आखिर कब अपनी आंखें खोलेगी?
प्रियंका ने एक समाचार रिपोर्ट को साझा कर हिंदी में ट्वीट किया था कि, ‘अर्थव्यवस्था मंदी की गहरी खाई में गिरती ही जा रही है, लाखों हिंदुस्तानियों की आजीविका पर तलवार लटक रही है, ऑटो सेक्टर और ट्रक सेक्टर में गिरावट प्रोडक्शन-ट्रांसपोर्टेशन में निगेटिव ग्रोथ और बाजार के टूटते भरोसे का प्रतीक है। सरकार कब अपनी आंखें खोलेगी?’
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal