ओमप्रकाश रावत
विंढमगंज-सोनभद्र। झारखंड की ओर से आ रही बिरसा संदेश रथ यात्रा आज सुबह लगभग 10 बजे थाना क्षेत्र के झारखंड बॉर्डर पर पहुंचते ही उत्साह पूर्वक स्वागत किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अमन कुमार जायसवाल ने दर्जनों युवाओं के साथ मांदर की थाप पर रथ यात्रा का जोशीला अभिनंदन किया। इस अवसर पर अमन जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता

आंदोलन की शुरुआत में जनजातीय नायकों की भूमिका सबसे अग्रणी रही है। भगवान बिरसा मुंडा ने अल्प आयु में ही समाज को मिट्टी, संस्कृति और परंपरा से जुड़े रहने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धर्मांतरण और सांस्कृतिक विघटन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए समाज को जागरूक रहना आवश्यक है।भाजपा नेता रामनरेश पासवान ने कहा कि स्वतंत्रता, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना की राह दिखाने वाले भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी समाज की सांस्कृतिक

पहचान के प्रमुख स्तंभ हैं। आज समाज जिस संकट से गुजर रहा है, उसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास की ज़रूरत है। भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता बिरसा मुंडा के विचार—शराब बंदी, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और परिवार प्रबोधन—को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन केवल जनजातीय समाज ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। इसके बाद रथ यात्रा रांची–रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए कोन मोड तक भगवान बिरसा मुंडा अमर रहे जैसे नारों के साथ आगे बढ़ी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पैदल साथ चलते रहे। इसके उपरांत रथ दुद्धी की ओर रवाना हुआ।इस मौके पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार केसरी (बुल्लू केसरी), संजय गुप्ता, लक्ष्मण मौर्य, ओमप्रकाश रावत, ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान, राजेश रावत, राजू रंजन तिवारी, आनंद दुबे, लग्न उरांव, जगदीश उरांव सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal