सेवापुरी बनेगा देश का आदर्श एवं मॉडल विकास खंड

पुरुषोत्तम चतुर्वेदी की रिपोर्ट

*सरकार की सभी योजना सेवापुरी विकास खण्ड क्षेत्र में लागू करें, विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं को मूर्त रूप दे-अमिताभ कांत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नीति आयोग

*सेवापुरी विकास खंड को देश का आदर्श विकास खंड बनाएं, ताकि देश के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ राज्यों से लोग इसे देखने आए-नागेंद्र नाथ सिन्हा, सचिव ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार

वाराणसी। नीति आयोग, भारत सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास खंड सेवापुरी को शासन की समस्त योजनाओं से पोषित करते हुए इसका सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सेवापुरी विकास खंड को भारत का आदर्श एवं मॉडल विकास खंड बनाए जाने हेतु स्थानीय लोगो, जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को बड़ा जनांदोलन किए जाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस विकास खंड क्षेत्र के लोगों का आमदनी कैसे बड़े, यह बड़ा लक्ष्य है। पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य रोजगारपरक योजनाओ से यहां के अधिक से अधिक लोगों को आच्छादित एवं लाभान्वित कर लोगों की आय बढ़ाए जाने पर विशेष जोर दिया।
नीति आयोग, भारत सरकार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत शुक्रवार को सेवापुरी विकास खंड सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा सर्वांगीण विकास हेतु विकास खंड सेवापुरी को चयनित किया गया है।उन्होंने सेवापुरी विकास खंड के सभी ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास को सेवापुरी विकास खंड के आदर्श मॉडल होने का पैमाना बताया और विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि विकास खंड के सभी ग्राम पंचायतों में विकास की रफ्तार को लेकर प्रतिस्पर्धा आयोजित किए जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर केंद्र एवं राज्य सरकार के सभी योजनाओं को इस विकास खंड में लागू किए जाने का निर्देश देते हुए कार्यों में मानक के अनुरूप गुणवत्ता पर भी जोर दिया। सेवापुरी विकास खंड के सभी गांव आदर्श के रूप में विकसित हो। लोगों की आय एवं आमदनी बड़े और इस क्षेत्र के सभी बच्चे स्कूल जाएं और शिक्षा ग्रहण करें। सोशल सेक्टर की सभी योजनाएं एवं पेंशन से प्रत्येक पात्र व्यक्ति लाभान्वित हो। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि गांव के लोगों के जीवन स्तर को उठाना तथा हर बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
सचिव ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार नागेंद्र नाथ सिन्हा ने कहा कि विकास आत्मशक्ति व सामुदायिक भावना से होता है। जनप्रतिनिधियों विशेषकर महिलाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि जिस इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होगी उसे प्राथमिकता पर यहां मुहैया कराया जाएगा। गांव की स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सेवापुरी विकास खंड के समस्त ग्राम पंचायतों को शासन के संचालित समस्त योजनाओं से आच्छादित कर इसके सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि यह देश का आदर्श एवं मॉडल विकास खंड बने। देश के विभिन्न स्थानों तथा राज्यों से लोग इसे देखने आए। उन्होंने गांवो के विभिन्न समितियों के माध्यम से गांव में हो रहे विकास कार्यों को जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया।
अपर मुख्य सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी मनोज सिंह ने भी शासन की मंशा के अनुरूप सेवापुरी विकास खंड क्षेत्र में समस्त बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराए जाने पर जोर देते हुए लागू एवं क्रियान्वित योजनाओं को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर पूरी पारदर्शिता एवं मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहां की यह वाराणसी जनपद एवं सेवापुरी विकास खंड के लोगों के लिए गर्व का विषय है कि इस विकास खंड के सर्वांगीण विकास हेतु नीति आयोग ने चयनित किया है। निश्चित रूप से यह विकास खंड देश का आदर्श विकास खंड बनेगा।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि सेवापुरी विकासखंड क्षेत्र को समस्त 141 विकास योजनाओं से संतृप्तिकरण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जा चुका है। इसके क्रियान्वयन का पर्यवेक्षण भी अधिकारियों द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में गली, सड़क, हैंडपंप आदि के साथ जलनिकासी की भी समुचित व्यवस्था होना चाहिए। शिक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ लोगों ने फिजिकल इन्फ्राट्रक्चर पर जोर दिया। गांवो के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में आकर्षक व्यवस्था के साथ-साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था सुनिश्चित कर अभिभावकों का झुकाव सरकारी विद्यालयों की ओर किए जाने का भी लोगों ने सुझाव दिया। ऐसे गांव के लोग अपने बच्चों को गांव के ही विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजें। इस दौरान ग्राम प्रधानों सहित डब्ल्यूएचओ आदि संगठनों के पदाधिकारियों ने भी विकास व स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान सेवापुरी विकास खंड क्षेत्र में संचालित एवं कराए गए विकास कार्यों का पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से प्रस्तुतीकरण किया गया।
इस अवसर पर नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत एवं सचिव ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार नागेंद्र नाथ सिन्हा ने इम्तियाज अंसारी, पवन कुमार रस्तोगी, माया सिंह, प्रियंका श्रीवास्तव, सुरेंदर तथा रामजियावन सरोज को खादी ग्रामोद्योग बोर्ड तथा हंसराज को ओडीओपी योजना अंतर्गत सहित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सेवापुरी के प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधान मंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभार्थी एवम् ई कॉर्पोरेशन कछवा रोड शाखा, बैंक ऑफ बड़ौदा सेवापुरी के लाभार्थी को पीएमईजीएम के तहत ऋण वितरित किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह विकास खंड सेवापुरी को 47 लाख 11 हजार 05 सौ रुपए का डेमो चेक प्रदान किया। तत्पश्चात उन्होंने गांधी आश्रम सेवापुरी में सोलर चरखा के द्वारा बनाए जा रहे धागा कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके बाद नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कांत तथा सचिव ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार नागेंद्र नाथ सिन्हा ने सेवापुरी विकासखंड के ग्राम सभा बेसहूपुर का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यो का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्री बीना यादव, आशा चिंतामणि, एएनएम आशी, ग्राम विकास अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह के अलावा मौके पर मौजूद स्वयं सहायता समूह में लोगों से उनसे संबंधित कार्योंके बारे में विस्तार से जानकारी ली। ग्राम सभा में भ्रमण के दौरान उन्होंने मत्स्य पालन, स्वच्छ शौचालय एवं प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम सभा के आंगनवाड़ी केंद्र पर तीन गर्भवती महिलाओं क्रमशः मानमती, शिल्पा पाल तथा रागिनी की गोद भराई भी की।
इस अवसर पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी मधुसूदन हुलगी सहित अन्य सभी जनपद स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Translate »