मारकुंडी घाटी से गुरमा जेल परिसर तक गाजे-बाजे के साथ निकाली गई वाहन यात्रा, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया अभिनंदन
मोहन गुप्ता
गुरमा-सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत मारकुंडी ग्राम सभा के मूल निवासी रितेश कुमार यादव के एयरफोर्स, आसाम में कार्यकाल पूरा कर सेवानिवृत्त होने के बाद शनिवार को घर वापसी पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया उनके आगमन पर पूरा क्षेत्र देशभक्ति के उत्साह और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। मारकुंडी घाटी में पहुंचते ही ग्रामसभा के ग्रामीणों, महिलाओं, पुरुषों, बच्चों, व्यापारियों एवं विभिन्न संस्थानों से जुड़े लोगों ने प्रधान उधम सिंह के कुशल नेतृत्व में रितेश कुमार यादव का फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण हो गया।


स्वागत समारोह के उपरांत सेवानिवृत्त फौजी रितेश कुमार यादव को गाजे-बाजे के साथ वाहनों के काफिले में मारकुंडी घाटी से गुरमा नगर पंचायत होते हुए जिला कारागार परिसर तक भ्रमण कराया गया। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया और देश सेवा के लिए उनके योगदान की सराहना की।


इस भव्य स्वागत कार्यक्रम में राजकुमार मिश्रा, मदन मोहन यादव, सौरभ कुमार, सूरज यादव, चंदन सिंह, गुलाब नब्बी कुरेशी, सुनील कुमार अग्रहरि, संजय सिंह, ओमप्रकाश बादल, विक्रम थापा फौजी, रामरक्षा यादव, शिवा यादव सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। रितेश कुमार यादव की सेवानिवृत्ति एवं घर वापसी पर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए देश सेवा के प्रति उनके समर्पण और योगदान को गौरवपूर्ण बताया।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal