किशोरियों को बेचने के मामले में फरार चल रहे 25हजार का एक इनामी गिरफ्तार

सोनभद्र। पुलिस ने वर्ष 2016 में दो नाबालिग लड़कियों को मथुरा बेचे जाने के मामले में फरार चल रहे एक 25 हजार के इनामी आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डाॅ.यशवीर सिंह ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में कई अन्य आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है। बभनी थाने की पुलिस के मुताबिक वर्ष 2016 में एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने बभनी थाने में अपने पुत्री तथा अपने भाई की पुत्री को दो महिलाओं पर बहला फुसलाकर कर बेचने की शिकायत दर्ज कराया था। तहरीर के अआधार पर बभनी पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच करना शुरू किया। इस मामले में पुलिस ने घघरा निवासी लीलावती तथा चैनपुर निवासी उर्मिला को तीन फरवरी 2016 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं के निशानदेही पर पुलिस ने चार फरवरी 2016 को मथुरा से दोनों नाबालिग लड़कियों को बरामद किया था। दोनों बालिकाओं का बयान दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी दिनेश उर्फ दिन्ने पुत्र नेतराम निवासी पैगाम थाना शेरगढ़ मथुरा, सतवीर जाट पुत्र खजाना सिंह, कलुआ पुत्र करन सिंह तथा नीरज जाट पुत्र अर्जुन सिंह निवासीगण गद्दी चौक शेरगढ़ मथुरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध 82 व 83 की कार्रवाई भी हो गई। इसके बाद 16 अक्तूबर 2022 को मामले में आरोपी दिनेश उर्फ दिन्ने को मथुरा से गिरफ्तार किया गया था। फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। इस क्रम में मुखबिर की सूचना पर बभनी पुलिस ने आरोपी नीरज जाट को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र द्विवेदी, उप निरीक्षक वीर बहादुर चौधरी, हेड कांस्टेबल भरत यादव सहित अन्य शामिल रहे।

Translate »