मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु सोन नदी में छोड़ी गई डेढ़ लाख मछलियां!

अब मछुआरे भी हो सकेंगे खुशहाल: राज्य मंत्री

सत्यदेव पांडेय

चोपन (सोनभद्र)। मत्स्य पालन को बढ़ावा एवं संरक्षण देने के उद्देश्य से सरकार द्वारा रिवर रैंचिंग कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड़ द्वारा बतौर मुख्य अतिथि चोपन सोन नदी के किनारे छठ घाट पर डेढ़ लाख मछली के बड़े आकार के बच्चे सोन नदी में छोड़े गए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सोन नदी के जल को शुद्ध और निर्मल करने के साथ नाइट्रोजन युक्त प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग की तरफ से रिवर रैचिंग प्रोग्राम शुरू किया गया है। जिसके तहत डेढ़ लाख

मछलियां सोन नदी में डाली गई है। बड़ी होकर यह मछलियां एक तरफ नदी का पर्यावरण सही रखेंगी वहीं मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा और मछुवारे भी खुशहाल होंगे। चोपन ब्लाक प्रमुख लीला देवी गोंड़ ने कहा कि अभी तक सिर्फ लोग नदी और तालाबों से मछली निकालते थे। पहली बार नदी में मछलियों को डाला जा रहा है। मछुआरा समाज के लिए यह अच्छी योजना है और इसका फायदा मछुआरा समाज के लोगों को मिलेगा। इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि उस्मान अली, मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, निषाद पार्टी के जिला अध्यक्ष संतोष साहनी, मत्स्य विभाग से पारस बिंद, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संजीव त्रिपाठी, प्रदीप अग्रवाल, केदार तिवारी, रोहित बिंद, अनिकेत निषाद, विजय साहनी, धर्मेंद्र जायसवाल इत्यादि लोग मौजूद रहे।

Translate »