सीएम के आदेश का नहीं दिख रहा असर- गड्ढायुक्त सड़क से आवागमन में दिक्कत

हाल -राबर्ट्सगंज- घोरावल मुख्य मार्ग का

सर्वेश कुमार/ज्ञानदास कन्नौजिया

(सोनभद्र)। गड्ढे में तब्दील सड़क से राहगीरों को आवागमन में अत्यधिक दिक्कतें उठानी पड़ती है। इससे हादसे का भी भय बना रहता है। सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर तमाम दोपहिया सवार चुटहिल भी हो चुके हैं। यही नहीं बड़े वाहनों की चपेट में आकर कुछ तो गंभीर रूप से जख्मी भी हो चुके हैं। सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार महकमा मूकदर्शक बना हुआ है। जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। जी हां !यह हाल अन्य संपर्क मार्गों का नहीं बल्कि राबर्ट्सगंज -घोरावल मुख्य मार्ग का है। जो जनपद मुख्यालय से तहसील घोरावल और मंडल

मुख्यालय मिर्जापुर को भी जोड़ता है। इसे स्टेट हाईवे भी घोषित कर दिए जाने की बात कही जा रही है। यह मार्ग मध्य प्रदेश से भी सम्बध्द है। बताया जाता है कि शासन ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने का फरमान जारी किया है। गवईं इलाकों की तमाम सड़कों की मरम्मत करा भी दी गई है। शेष पर कार्य जारी है। किंतु आवागमन के लिहाज से व्यस्ततम राबर्ट्सगंज -शाहगंज वाया घोरावल मुख्य मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फरमान का असर नहीं दिख रहा है। इस पर आज भी गड्ढा बना हुआ है। जिससे लोगों को आने- जाने में काफी कठिनाई होती है। यही नहीं इस गड्ढे के कारण अक्सर दुर्घटनाएं भी होती रहती है। इसके बाद भी विभाग मौन साधा हुआ है। यदि मन में आया तो गड्ढे में गिट्टी ,मिट्टी भरकर मरम्मत का कोरमपूर्ण कर दिया जाता है। जो कुछ ही दिन बाद फिर गड्ढे का रूप धारण कर लेती है। शाहगंज कस्बा निवासी श्री प्रकाश सिंह, शम्भू सोनी, आकाशबली सिंह का आरोप है कि उक्त मुख्य मार्ग की मरम्मत अक्सर बरसाती सीजन के आस-पास ही करायी जाती है। जिस वजह से सड़क टिकाऊ नहीं होती और कुछ ही दिन बाद उखड़नी शुरू हो जाती है। जिसका खामियाजा इस पर प्रतिदिन चलने वाले सैकड़ों राहगीर व वाहन स्वामी भुगतने को विवश होते हैं। ऐसी दशा में लोगों ने इस ओर शासन- प्रशासन एवं जिम्मेदार विभाग के उच्चाधिकारियों का ध्यानाकृष्ट कराते हुए उक्त मुख्य मार्ग की मरम्मत तत्काल कराए जाने की मांग की है।

Translate »