12 अगस्‍त को र‍िलीज होगी गुंजन सक्‍सेना: द कारगिल गर्ल

—अनिल बेदाग—

मुंबई : कारगिल गर्ल के नाम से मशहूर गुंजन सक्‍सेना की कहानी पर्दे पर आने वाली है। जान्‍हवी कपूर स्‍टारर फ‍िल्‍म गुंजन सक्‍सेना: द कारगिल गर्ल 12 अगस्‍त को र‍िलीज होगी। कोरोना महामारी के चलते यह फ‍िल्‍म सिनेमाघरों में नहीं बल्कि ओटीटी प्‍लेटफॉर्म पर रिलीज होगी। खुद जान्‍हवी कपूर ने इस फ‍िल्‍म की रिलीज डेट की जानकारी फैंस को दी है। गुंजन सक्सेना: कारगिल गर्ल को संयुक्त रूप से धर्मा प्रोडक्शंस और ज़ी स्टूडियो द्वारा निर्मित है, जिसमें गुंजन के किरदार में जान्हवी कपूर हैं और उनके साथ गुंजन के पिता और भाई की सहायक भूमिकाओं में पंकज त्रिपाठी और अंगद बेदी भी हैं।
शरण शर्मा निर्देशित यह नई फिल्म भारतीय वायु सेना के पायलट गुंजन सक्सेना के जीवन पर एक बायोपिक है, जो श्रीविद्या राजन के साथ युद्ध क्षेत्र में उड़ान भरने वाली पहली भारतीय महिला फाइटर पायलट बनीं। गुंजन ने 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान सैनिकों को बचाया था और युद्ध के दौरान साहस व धैर्य दिखाने के लिए उन्हें शौर्य वीर पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गुंजन सक्सेना में जान्हवी कपूर के साथ पंकज त्रिपाठी भी लीड रोल में हैं। जाह्नवी गुंजन सक्सेना के अलावा करण जौहर की मल्टी स्टारर फिल्म तख्त में रणवीर सिंह, विक्की कौशल, करीना कपूर, आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर और अनिल कपूर के साथ नजर आने वाली हैं। वहीं वो राजकुमार राव के साथ फिल्म रूही अफजाना में भी नजर आएंगी। ये एक हॉरर कॉमेडी फिल्म है जिसे हार्दिक मेहता ने डायरेक्ट किया है और इसे दिनेश विजान प्रोड्यूस कर रहे हैं।

Translate »