विषैले जन्तु के काटने से एक किशोर की मौत,सात लोग अचेत

घोरावल/सोनभद्र(वीरेंद्र नाथ मिश्रा) स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बीते चौबीस घंटों में विषैले जंतुओं के काटने से सात लोग अचेत हो गए। वही एक किशोर की विषैले जंतु के काटने से मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ (नौगढ़वा) गांव निवासी रवि गोड़ (16) की गुरुवार की देर शाम विषैले जंतु के काटने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक वह घास काटने के लिए खेत पर गया था। जहां पर उसके हाथ में विषैले जंतु ने काट लिया।उसके उपचार के लिए परिजन झाड़-फूंक जड़ी बूटी के चक्कर में पड़कर इधर-उधर भटकते रहे। जड़ी बूटी से इलाज करा कर घर लौटे और थोड़ी देर में रवि ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। घर का चिराग बुझ गया। उसके पिता चन्द्रबलि की मृत्यु लगभग पांच साल पहले हो चुकी है।वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए घटना की सूचना ग्राम प्रधान सुभाष सिंह ने पुलिस को दे दी। इसी तरह से क्षेत्र में विषैले जंतुओं के काटने से कुछ लोग अचेत हो गए जिनमें से सिलवर निवासी बहादुर (60) को खेत में खाद डालते समय पैर में सर्प ने डस लिया। बरदिया निवासी आशीष (38) को भोर में घर के बाहर जाते समय पैर में सर्प ने डस लिया।परसिया निवासी राजकुमार (38) को राह चलते हुए विषैले जंतु ने काट लिया। गुरुवल निवासी गोलहर (50) को घर में काम करते समय सर्प ने डस लिया।गड़मा निवासी बब्बू (52) को घास काटते समय हांथ में सर्प ने डस लिया।पड़वनिया निवासी चंपा (32) को घर में कार्य करते समय हांथ में सर्प ने डस लिया।मिर्जापुर के दखल गांव निवासी संजय (29) को पैर में सर्प ने डस लिया। इन सभी के परिजनों ने उपचार के लिए ख़िरीहटा गांव मे जड़ी बूटी के निशुल्क वैद्य देवधारी के यहां भर्ती कराया। वैद्य ने बताया कि सभी की तबीयत में सुधार है।

Translate »