केदारनाथ धाम की यात्रा ने अब तक के पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं

धर्म डेस्क।केदारनाथ धाम की यात्रा ने अब तक के पिछले सभी रिकार्ड तोड़ दिए हैं। बीते वर्ष जहां पूरे यात्रा सीजन में कुल 732241 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर नया कीर्तिमान बनाया था। वहीं इस साल महज डेढ़ महीने की यात्रा में ही 735032 यात्रियों के दर्शन करने से यह रिकार्ड भी टूट गया। शनिवार को कुल 7346 यात्री केदारनाथ पहुंचे।

केदारनाथ की यात्रा अब पूरी तरह बदल गई है। जहां कभी यात्री इस दुर्गम क्षेत्र में आने से भी परहेज करता था वहीं अब केदारनाथ आने के लिए यात्रियों में होड़ मच गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बार-बार यहां आने और पूरी तरह बदली एवं नए कलेवर में आई केदारपुरी में रिकार्ड यात्री आने से यहां के लोगों में भी उत्साह है। यात्रा पर तुलनात्मक नजर डालें तो वर्ष 1988 से लेकर 1999 तक करीब एक से डेढ़ लाख यात्री ही प्रतिवर्ष केदारनाथ धाम के दर्शनों को पहुंचते थे। जबकि वर्ष 2000 से लेकर 2005 तक यह संख्या बढ़कर प्रतिवर्ष लगभग ढाई से 3 लाख हुई। वर्ष 2006 से यात्रियों की संख्या में इजाफा होने लगा। वर्ष 2012 में अत्यधिक बर्फबारी के बाद भी पूरे सीजन में करीब 5 लाख 73 हजार यात्री दर्शनों को पहुंचे। वर्ष 2013 में केदारनाथ में भीषण आपदा आई और त्रासदी से यहां पूरी तरह यात्रा ठप हो गई।

इस वर्ष आपदा से पहले 3,10615 तथा आपदा के बाद 1586 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। एक ओर यात्री केदारनाथ आने में डर रहे थे, तो वहीं दूसरी ओर केदारनाथ की यात्रा पटरी पर लौटने के लिए सरकार, प्रशासन, बीकेटीसी और पुलिस दिन रात मेहनत में जुटे थे, कि आखिर किसी तरह तो यात्रा पुरानी रौ में लौट सके। वर्ष 2014 में पूरे साल बमुश्किल 40832 यात्री दर्शनों को पहुंचे। जबकि वर्ष 2015 में 1,54430, वर्ष 2016 में 3,95033 एवं वर्ष 2017 में 4,71235 ने केदार बाबा के दर्शन किए। वर्ष 2018 सरकार, प्रशासन और पुलिस के लिए विशेष रहा। इस पूरे वर्ष 7,32,241 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए, और तब सबने इसे बड़ी उपलब्धि बताया किंतु वर्ष 2019 की यात्रा ने तो पिछले सभी रिकार्ड धरासाई कर दिए। इस साल 9 मई से 22 जून डेढ़ महीने में ही बीते वर्ष की पूरे साल की यात्रा का ही रिकार्ड टूट गया। 22 जून का दिन केदारनाथ की यात्रा के लिए अहम दिन बना।

7,9 और 10 जून रहे विशेष

केदारनाथ में अभी एक दिन में सबसे अधिक यात्री आने का भी नया रिकार्ड देखा गया। इससे पहले कभी एक दिन में 36 हजार यात्री केदारनाथ नहीं पहुंचे हैं। इस साल 7 जून को 36179, 9 जून को 34300 और 10 जून को 36021 यात्री केदारनाथ पहुंचे हैं। इससे पहले वर्ष 2017 में एक दिन में 16174 और 2018 में 23852 यात्री दर्शनों को आए।

प्रशासन, पुलिस और बीकेटीसी ने जताई खुशी

जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल, पुलिस अधीक्षक अजय सिंह और बीकेटीसी सीईओ बीडी सिंह ने इस नई उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। कहा कि यह जनपद रुद्रप्रयाग के साथ पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। आने वाले दिनों में यह संख्या और भी अधिक होगी। हमें इसके लिए और भी बेहतर तैयारी करनी होगी।हिंदुस्तान के सौजन्य से

Translate »