भाजपा राज में संविधान की धज्जियां उड़ाई गई है-पूर्ब सीएम अखिलेश यादव

देश को बर्बाद करने वाली ताकतों से बचाने के लिए ही गठबंधन बना है।

लखनऊ।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में संविधान की धज्जियां उड़ाई गई है। संविधान प्रद्दत्त अधिकारों का हनन हुआ है। प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका ‘दि एकोनामिस्ट‘ के ताजा अंक में लिखा है कि भारत में लोकतंत्र को खतरा है। इसे खत्म किया जा रहा है। देश को बर्बाद करने वाली ताकतों से बचाने के लिए ही गठबंधन बना है। समाजवादी पार्टी-बहुजनसमाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन दिलों और वैचारिक गठबंधन हैं यह गठबंधन टूटने वाला नहीं है।
अखिलेश यादव ने कहा हमारे 3 दलों के गठबंधन को मिलावटी कहा गया लेकिन भाजपा के साथ तो 38 दल गठबंधन में है उसको क्या कहा जाए? अब तो प्रधानमंत्री जी भी समझ रहे हैं कि कोई गठबंधन है जो सामने खड़ा है और उनको फिर गद्दी पर बैठने से रोक रहा है। जनता ने मन बना लिया है कि आगामी मई में ही महापरिवर्तन होगा। पहले दिल्ली फिर उत्तर प्रदेश में भाजपा की कुर्सी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही हैं नोटबंदी से न भ्रष्टाचार समाप्त हुआ, न कालाधन वापस आया। नक्सलवाद और आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की बातें हुई पर हुआ क्या? 2 करोड़ नौकरी के वादे का क्या हुआ? अब प्रधानमंत्री जी डिजिटल इण्डिया, स्टार्ट अप इण्डिया, मेक इन इण्डिया की बातें नहीं करते है। इन्हें वे भूल गए है। इसीलिए हम कहते है कि देश को नया प्रधानमंत्री चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि केन्द्र ने देश में तमाम समस्याएं पैदा कर दी हैं। नौकरियां छिन गई है। आशा कार्यकत्री, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शिक्षामित्र सभी परेशानी में हैं। एक हजार शिक्षामित्रों ने जान दे दी है। नीति आयोग-योजना आयोग को लेकर मतभेद है। इन सब समस्याओं के हल क्षेत्रीय पार्टियों के पास है। उन्होंने कहा कि कहा गया था कि एक सिर के बदले पाक से 10 सिर लाएंगे। हर दिन हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। नक्सलवाद खत्म करने की जब बात हो रही थी तभी हमारे 15 जवान शहीद हो गए।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की जनता को अपमानित और बदनाम करने में लगी है। उत्तर प्रदेश में किसान की हालत बदतर होती जा रही है। उसकी खेती पर संकट है। किसान खेतिहर मजदूर बनता जा रहा है। समाजवादी सरकार ने किसान को मुफ्त सिंचाई सुविधा दी थी। भाजपा राज में किसान को सस्ती बिजली मिल रही है और नहीं किसान को लागत मूल्य मिल रहा है।
भाजपा ने जाति-धर्म की राजनीति करके प्रदेश के वातावरण को प्रदूषित करने का काम किया है। समाज में नफरत और बंटवारे का जह़र फैलाया है। प्रदेश को समस्त विकास योजनाओं को ठप्प कर दिया गया है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस-भाजपा दोनों गड़बड़ है। डरना-डराना कांग्रेस की संस्कृति है। सीबीआई, ईडी से हम नहीं डरते। हम तो पहले से उनके क्लब में है। जिसने हमारे खिलाफ रिब्यू पिटीशन की है वह कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन के समय मौजूद था। वह भाजपा से भी मिलीभगत में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को रोकना नहीं चाहती है। यह बहुत बुरी है। तीन प्रदेशों में सरकारें बनने के बाद कांग्रेस का दिमाग बदल गया।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता सचमुच बहुत दुःखी है। भाजपा ने सन् 2014 में जो घोषणापत्र जारी किया था उसको ही लागू नहीं किया। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। स्मार्ट सिटी तो बनी नहीं, लखनऊ में सांड़ के हमलों में 10 लोग मारे जा चुके है। भाजपाई झूठे हैं। प्रधानमंत्री जी कभी अपने को पिछड़ा, कभी अतिपिछड़ा बताते है। उन्होंने पिछड़ों का हक छीनने का काम किया है। पता नहीं वे पिछड़े हैं या नहीं। इसीलिए हमारी मांग है कि एक बार जातिगणना हो जाए ताकि आबादी के अनुपात में सबको हक और सम्मान मिल सके।

Translate »