नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी और भूस्खलन की वजह से हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं। पहाड़ों पर मौसम की बदली करवट का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में बारिश से सर्दी में इजाफा हुआ तो दिल्ली में भी आसमान में बादल छाए होने से ठंड बढ़ी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में ओले गिर सकते हैं।
-
बर्फबारी, बारिश के साथ भूस्खलन ने कश्मीर में हालात बदतर कर दिए हैं। कश्मीर घाटी को देश से जोड़ने वाला श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे तीसरे दिन भी बंद रहा। इसके बंद होने से कश्मीर के लोगों को जरूरी चीजों का अभाव झेलना पड़ रहा है।
-
भूस्खलन की वजह से हाईवे पर सैंकड़ों वाहन फंसे हैं। तेल के 400 टैंकरों के साथ जरूरी चीजों की आपूर्ति करने वाले ट्रक भी हाईवे पर खड़े हुए हैं। पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति न होने से स्थित और खराब हो गई है। आपूर्ति में बाधा आने से सब्जियों के दाम आसमान पर हैं।
-
श्रीनगर-लेह के साथ ऐतिहासिक मुगल रोड दिसंबर के बाद से ही लगातार बंद है। बर्फबारी के बीच हिमस्खलन की आशंका के मद्देनजर इसे तब बंद किया गया था, लेकिन ताजा बर्फबारी से दोनों सड़कों के खुलने की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है।
-
जवाहर टनल, बनिहाल और शैतान नाला में पिछले 24 घंटों के दौरान बर्फबारी होने से हालात बिगड़े हैं। रामबन और रामसो में बारिश की वजह से लगातार भूस्खलन हो रहा है।
-
रामबन के डीसी ने कहा कि जेके बैंक के पास की सड़क का कुछ हिस्सा बारिश में बह गया। उनका कहना है कि सड़कों को साफ करके यातायात को बहाल करने की कोशिशें चल रही हैं, लेकिन भूस्खलन के साथ पहाड़ों से जब तब गिरने वाले पत्थर हालात को और ज्यादा बदतर बना रहे हैं।
-
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को पहाड़ों पर बर्फबारी हुई जबकि मैदानी इलाकों में बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखी गई। तापमान में कमी आने से शिमला और किन्नौर में शिक्षण संस्थान नहीं खुल सके। मौसम विभाग का कहना है कि ताजा बर्फबारी से सारा राज्य शीतलहर की चपेट में है।
-
चंडीगढ़ और इसके आसपास के इलाकों में मंगलवार रात से रुक रुककर बारिश हो रही है। पंजाब और हरियाणा में भी बुधवार को बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि सारा दिन बारिश होने की संभावना जताई है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-
बुधवार की सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल छाने की वजह से तापमान में कमी देखी गई। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। दोपहर में गर्जना के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal








