हे सूरज देव बिसव करीं अरजि तोहारि…

घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठ मइया के गीतों से गुलजार रहे घाट


शाहगंज,सोनभद्र |(ज्ञानदास कनौजिया) “हे सूरज देव बिसव करीं अरजि तोहारि” व “कांचहि बास के बहंगिया, बहँगी लचकत जाय ”आदि छठ मइया के गीतों से क्षेत्र के जलाशय रविवार की शाम गुलज़ार रहे । हर जगह आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ था । गाजे-बाजे के साथ व्रती महिलाएँ अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य चढ़ाने को ब्याकुल थी। जैसे ही संध्या सुन्दरी परी के समान अपने

पांव बढ़ाने को उद्धत हुई एक साथ अस्त होते भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सुख -समृद्धि तथा मंगल कल्याण के लिये प्रार्थना की । कंधे पर ईख लिए सूप, दउरा में पूजन सामग्रियों संग लोग गाजे- बाजे के साथ सायंकाल चार बजे से ही छठ घाटों की ओर जाने लगे थे। छठ मइया के गीत गाती महिलाएँ भाव-विभोर मुद्रा में दिखीं।कुछ व्रती महिलाएँ घर से घाट तक दण्डवत ज़मीन पर लेटकर सफ़र को पूरा किया। इस अवसर पर आतिशबाज़ी भी हुई। अर्घ्य के बाद व्रती महिलाएँ अपने-अपने वेदी पर गन्ने का मण्डप बनाकर उसके मध्य देशी घी के जलते हुए दीप को रखा । इसके साथ ही सूप, दउरा में पूजन सामग्री रखकर पूजन – अर्चन की । कहीं- कहीं व्रती महिलाएँ रात भर घाटों के किनारे बने पूजन स्थल पर ही जागरण मुद्रा में रहीं । छठ घाटों पर उत्साही लोगों द्वारा टेंट व प्रकाश की व्यवस्था की गई । स्थानीय क़स्बा सहित ढुटेर , उसरी, सहुआर, राजपुर, बरौली, जयगांव, ओडहथा,ओबराडीह, कुसी निस्फ, खजूरी, गौरीशंकर आदि गाँवों में सूर्य षष्ठी पर आस्था उमड़ी पड़ी थी । व्रती महिलाओं ने घाटों पर जल में खड़े होकर पुत्र रत्न की प्राप्ति , सुहाग की रक्षा और मंगल कल्याण हेतु सूर्य को अर्घ्य देकर प्रार्थना किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस के जवान मुस्तैद रहे ।

Translate »