मोहन गुप्ता
गुरमा सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी पुरानी घाटी में रविवार को डीजल लोड एक टैंकर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में टैंकर चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, टैंकर डीजल लोड करके मारकुंडी घाटी उतर रहा था। इसी दौरान अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मारकुंडी घाटी में हादसों का सिलसिला जारी, जिम्मेदारों की पहल पर सवाल
मारकुंडी घाटी में आए दिन वाहनों के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शासन-प्रशासन और सड़क निर्माण कंपनी की ओर से ठोस पहल नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कंपनी द्वारा घाटी के खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, मजबूत सुरक्षा रेलिंग, चेतावनी संकेतक और दुर्घटना रोकने के आवश्यक उपाय किए गए होते, तो शायद इस तरह आए दिन वाहन खाई में गिरकर क्षतिग्रस्त नहीं होते और चालक-खलासी की जान जोखिम में नहीं पड़ती। मारकुंडी घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाएं सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर कर रही हैं। अब जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग और सड़क निर्माण कंपनी समय रहते ठोस कदम उठाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और वाहन चालकों की जिंदगी सुरक्षित रह सके।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal