शाहगंज पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में 10 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी शनी कुमार जायसवाल को वाराणसी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा है। मामला सोनभद्र के शाहगंज थाने में दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, शनी को वाराणसी में बीएलडब्ल्यू के सामने महमूरगंज से चितईपुर जाने वाली सड़क के किनारे से पकड़ा गया। उस पर मु0अ0सं0-101/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60 के तहत मामला दर्ज है।शनी कुमार जायसवाल (करीब 37) मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र के खुटहां गांव का रहने वाला है। उसका मौजूदा पता नेवादा सुंदरपुर, थाना लंका, वाराणसी है। वह स्वर्गीय वंशीधर जायसवाल का बेटा है।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के नेतृत्व में शाहगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शनी ने बताया कि वह अपने भाई सुरेन्द्र जायसवाल के साथ गांजे का कारोबार करता था। दोनों गांजे की खरीद और बिक्री करते थे। उसने बताया कि 2014 में सुरेन्द्र जायसवाल शीतला मंदिर, रॉबर्ट्सगंज की सरकारी भांग की दुकान पर पेटी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। इसके बाद दोनों ने दुकान की आड़ में उड़ीसा से गांजा मंगाकर बेचना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों उड़ीसा से गांजे की थोक खेप मंगाते थे और मिर्जापुर जिले में पहले से तय सुनसान जगहों पर उतरवाते थे। फिर वाहनों से मिर्जापुर और आसपास के जिलों में गांजे की सप्लाई करते थे। शनी ने बताया कि इस कारोबार से दोनों को आर्थिक और भौतिक लाभ मिलता था। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक भानू प्रताप सिंह, निरीक्षक अपराध थाना घोरावल; मानवेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष थाना शाहगंज; उपनिरीक्षक राहुल पाण्डेय, चौकी प्रभारी कस्बा थाना शाहगंज; उपनिरीक्षक तेजबहादुर राय और हेड कांस्टेबल ऐनुद्दीन शामिल थे।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal