बीएचयू की एमडी स्टूडेंट ने फांसी लगा कर दी जान

एमडी थर्ड ईयर की थी छात्रा
हॉस्टल के कमरे में लगाई फांसी

वाराणसी।बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, चिकित्साविज्ञान संस्थान एमडी थर्ड ईयर की छात्रा मनीषा कुमारी की रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई। उसका शव हास्टर के कमरे में पंखे के सहारे लटकता मिला। इसकी सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। फिलहाल शव को मोर्चरी में रख दिया गया है। उसके परिवार वालों को सूचना दे दी गई है।

लेडी डॉक्टर हॉस्टल में रहने वाली एमडी की छात्रा मनीषा को अंतिम बार लोगों ने शुक्रवार को देखा था। शनिवार को वह अपने कमरे से भी नहीं निकली। शनिवार को क्लास करने भी नहीं गई थी। रविवार की सुबह देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो पास के कमरे में रहने वाली लड़कियों ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर चीफ प्रॉक्टर वार्डन को सूचना दी।

वार्डन की सूचना पर अधिकारी और लंका थाने की पुलिस भी हॉस्टल पहुंची। दरवाजा तोड़ा गया तो शव पंखे के सहारे लटकता मिला। पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। मनीषा को जानने वालों के अनुसार पिछले कई महीने से वह डिप्रेशन में थी। वह तपेदिक (टीबी) से पीड़ित थी। इसके चलते वह काफी चिंतित रहती थी। फिलहाल खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है लेकिन उसमें क्या लिखा है अभी इसका खुलासा नहीं हो सका है। बिहार की रहने वाली मनीषा के घर वालों का पुलिस इंतजार कर रही है। घर वालों के आने तक शव को मोर्चरी में रख दिया गया है।

Translate »