खेतों में जलभराव से फसल बर्बाद होने की आशंका
शाहगंज,(सोनभद्र)। (ज्ञानदास कनौजिया) किसानों पर एक बार फिर मौसम की मार पड़ रही है। लगातार हो रही बारिश ने धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने और धूप नहीं निकलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालात यह हैं कि धान की फसल की सिंचाई के बजाय अब किसान उसे बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं। घोरावल तहसील क्षेत्र के मराची गांव के किसानों का कहना है कि पिछले


तीन वर्षों से लगातार बारिश के कारण धान की खेती प्रभावित हो रही है। किसान ओड़हथा के बालकिशुन चौधरी, ढु़टेर के रघुनाथ प्रसाद, रामजीत वर्मा और मोहन सिंह आदि ने बताया कि धान की कटाई के समय लगातार बारिश होने से उपज को बाजार तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। खेतों में खड़ी फसल के साथ काटकर रखी गई धान की फसल भी प्रभावित हो रही है। बारिश के चलते मजदूरी, खाद, बीज और कीटनाशक का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। बेमौसम बारिश ने किसानों के साथ ही आमजनमानस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण जहां किसानों की फसलों पर संकट मंडरा रहा है, वहीं आम लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। पशु-पक्षियों के लिए भी यह बारिश आफत साबित हो रही है। शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और धुंध के कारण सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। सुबह से ही हल्का कुहरा भी छाया रहा। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में आसमान और धरती के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिसके चलते लोगों को ठंड का एहसास होने लगेगा। बेमौसम बारिश और बदलते मौसम ने लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। वहीं किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।
SNC Urjanchal News Hindi News & Information Portal