पाक ने उल्टा भारत पर आतंकवाद के आरोप लगाए, कहा- 1947 से कश्मीरियों पर जुल्म हो रहे

[ad_1]


इस्लामाबाद. जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान की सेना पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पाक आर्मी ने भारत पर आतंकवाद के आरोप लगाते हुए कहा कि 1947 से कश्मीरियों पर जुल्म हो रहे हैं।प्रधानमंत्री इमरान खान सीआरपीएफ जवानों पर हुए इस हमले में पाकिस्तान का हाथ होने से इनकार कर चुके हैं।

जैश-ए-मोहम्मद के फिदायीन ने 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर हमला किया था। इसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को अलग-थलग करने के लिए कई कड़े कदम उठाए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीओके में 40 गांव खाली कराए गए और 127 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।

‘पाक पर आरोप लगाता है भारत’

पाक आर्मी के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने कहा,”जैसा कि होता है कि भारत में किसी वाकये के फौरन बाद फौरी तौर पर पाक पर आरोप लगा दिया जाता है। हमने इस बार जवाब देने के लिए थोड़ा वक्त लिया। क्योंकि जो आरोप लगाए गए थे हमने उनकी जांच की।1947 में पाकिस्तान आजाद हुआ। इस हकीकत को भारत कभी कबूल नहीं पाया। 1965 में हमारे बीच पहली बार युद्ध हुआ। 1971 में मुक्तिवाहनी के जरिए साजिश से हमें हटाया गया। 1999 में वो कारगिल ले आए। “

‘कश्मीरियों पर जुल्म हो रहे’

गफूर ने कहा, “भारत आज तक यह कबूल नहीं कर पाया कि पाकिस्तान आजाद हो चुका है। 1947 से कश्मीरियों पर जुल्म हो रहे हैं। भारत हमारे देश में दहशतगर्दी कर रहा है। हमारी पूर्वी सरहद पर भारत बार-बार आक्रामकता दिखाता है। 2008 में हम जब दहशतगर्दी के खिलाफ जंग लड़ रहे थे, तब एक बार फिर भारत सरहद पर अपनी फौज को ले आया। भारत की दहशतगर्दी का सबूत कुलभूषण यादव के रूप में मौजूद है। पाकिस्तान हमेशा अमन की बात करता रहा है। एलओसी पर सीजफायर भी हमने कायम रखा है। 2001 पर भारतीय संसद पर हमला हुआ, उस समय भी भारत में चुनाव होने थे।”

‘एलओसी क्रॉस कर कोई भारत में कैसे घुसा’
पाक आर्मी के मुताबिक, “फरवरी-मार्च में पाकिस्तान में आठ जरूरी इवेंट्स हैं। सऊदी क्राउन प्रिंस का दौरा था। संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद पर चर्चा होनी थी। अफगानिस्तान में शांति वार्ता हो रही थी। कुलभूषण जाधव के मुद्दे पर अहम सुनवाई होनी थी। करतारपुर कॉरिडोर पर बात होनी थी और पाकिस्तान सुपरलीग चल रही थी। वहीं, भारत में चुनाव का माहौल चल रहा है। पाकिस्तान को कूटनीतिक तौर पर अलग-थलग करने की कोशिश हो रही है, लेकिन दूसरे देशों के प्रमुख हमारे यहां आ रहे हैं। नियंत्रण रेखा पर भारत की कई स्तरीय सुरक्षा है। फिर ये कैसे हुआ कि भारत में कोई एलओसी क्रॉस करके घुसा। आप अपने सुरक्षा बलों से पूछेंकि कैसे घुसपैठ हो रही है?”

‘कुलभूषणों को हमारे यहां न भेजें’
गफूर ने कहा, “भारत में पहले भी कई लोगों ने इस किस्म के हमले का अंदाजा लगाया था। यह मुमकिनात उनकी सोशल मीडिया पर आई थीं। यह भी देख लें कि उस हमले में कश्मीर में जो मौतें हुई हैं, उनकी क्लास कंपोजिशन क्या है। पुलवामा में जब आदिल का जनाजा हुआ तो कई लोगों ने उसमें शिरकत की। आप दुनिया की सबसे बड़ी जम्हूरियत हैं। दो जम्हूरियतों के बीच कभी जंग नहीं होती। आप एक सेक्युलर मुल्क हैं, लेकिन जो कश्मीरी लोगों के साथ वहां हो रहा है वो ठीक नहीं है। आप अमन चाहते हैं, तरक्की चाहते हैं तो कुलभूषणों को हमारे यहां न भेजें।”

आतंकी देश की सेना कह रही चुनाव हैं इसलिए हमला हुआ: भाजपा

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ”दुनिया पाकिस्तान को रौंद रही है, लेकिन अपने ही देश के कुछ दल राजनीति चमकाने के लिए पाकिस्तान के स्वर में बयान दे रहे हैं। पाकिस्तान के चैनल कांग्रेस नेता शशि थरूर और मनीष तिवारी के बयान दिखा रहे हैं। कांग्रेस नेता हिंदुस्तान के खिलाफ हैं। पाक सेना भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। दुख होता है कि आतंकी देश की आर्मी कहती है कि भारत में चुनाव है, इसलिए हमला हुआ। यही बात कांग्रेस नेता और ममता बनर्जी कह रही हैं।”

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


पाक आर्मी के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर। -फाइल

[ad_2]
Source link

Translate »